शिव मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया, मामले की जांच सीओ को सौपी
हस्तिनापुर। कस्बे की मखदुमपुर कॉलोनी वासियों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर कुछ लोगों पर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर की करोड़ों की सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए उसे रुकवाने की मांग की। उन्होंने एसपी से जान का खतरा बता सुरक्षा की मांग की। मामले की जांच सीओ को सौपी गई है।
शनिवार को कॉलोनी के सुशील कुमार, जगबीर व नरेश ठाकुर आदि जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी के नाम एक शिकायत पत्र दिया जिसमें कहा कि ऐतिहासिक नगरी में कुछ भूमाफिया तरह के लोग राजनीतिक सहयोग व प्रशासनिक साठगांठ के पूर्ण समर्थन में कस्बे की मकदूमपुर काॅलोनी मे प्राचीन शिव मंदिर की करोडों रूपये की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
उन्होंने इसकी शिकायत सभी प्रशासनिक अधिकारियों व मुख्यमंत्री पोर्टल पर कई बार शिकायत की परंतु कहीं पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टे नायब तहसीलदार सचिन चौधरी व थाना इंचार्ज हस्तिनापुर व ईओ नगर पंचायत हस्तिनापुर के सामने ही बिना किसी आदेश और सरकारी भूमि के दस्तावेज बिना निरंतर अवैध निर्माण कार्य चलता रहा, जबकि कॉलोनी के लोगों ने मंदिर पर अवैध निर्माण होता देख इसका विरोध भी किया और उनकी आस्था भी आहत हुई। कई बार विवाद की स्थिति बनी परंतु पुलिस उल्टे कॉलोनी के लोगों को ही डांटती रही। अवैध निर्माण रुकने पर एक व्यक्ति ने कॉलोनी के एक घर में पहुंचकर जान से मारने की भी धमकी दी थी जिसका वीडियो वायरल है। आज तक कोई भी कानूनी कार्यवाही नहीं हुई। मंदिर समिति के सभी सदस्यों को आवेदन निर्माण करने वाले लोगों से जान का खतरा है। शिकायत में करीब एक दर्जन लोगों के नाम लिखे गए हैं। एसपी को दिए पत्र में उन्होंने इन लोगों से जान का खतरा बताया और सुरक्षा मांगी। जिस पर मामले की जांच सीओ मवाना को दी गई है।