मेरठ। नौचंदी ग्राउंड के पास अब्दुल्ला रेजीडेंसी के संबंध में राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर की शिकायत पर जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को जांच कमेटी ने रेजीडेंसी की रजिस्ट्री का रिकॉर्ड खंगाला। अब पैमाइश के साथ-साथ मानचित्र भी देखा जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने एक टीम गठित कर दी है। मंगलवार को रेजीडेंसी की पैमाइश करने की बात कही गई है।
हापुड़ रोड अब्दुल्ला रेजीडेंसी में किसी हिंदू को मकान दिया गया है या नहीं, मस्जिद का निर्माण हो रहा या नहीं, विकास प्राधिकरण द्वारा मानचित्र पास कराकर इसे विकसित किया गया है या नहीं। राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने रेजीडेंसी पर सवाल उठाते हुए डीएम से शिकायत कर इन बिंदुओं पर जांच की मांग की थी। एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी, अधीक्षण अभियंता आवास विकास, सीओ सिविल लाइन की संयुक्त कमेटी बनाकर इसकी जांच शुरू करा दी है। सोमवार को जांच कमेटी ने विकास प्राधिकरण से रेजीडेंसी का मानचित्र लिया है। रजिस्ट्री विभाग से बैनामों की जानकारी लेकर उसका रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।
इसकी पैमाइश और दस्तावेजों के बारे में जानकारी जुटाने का काम जांच कमेटी कर रही है। जांच कमेटी ने सोमवार को रेजीडेंसी पहुंची थी। हालांकि बारिश होने के कारण टीम वापस लौट आई। अब मंगलवार को रेजीडेंसी की पैमाइश होगी। वहीं, बिल्डर ने भी कमेटी को दस्तावेज दिए है। एसडीएम सदर डॉ. दीक्षा जोशी ने बताया कि सभी बिंदुओं की जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। जिलाधिकारी वीके सिंह का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में आगे निर्णय लिया जाएगा।