शिक्षा, एकजुटता और यूजीसी के विरोध में होगा मंथन, संगठन के पदाधिकारियों ने किया जनंसपर्क
महासम्मेलन में कई अहम निर्णय लिए जाने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। अंतरराष्ट्रीय राजपूत संसद की ओर से एक नवंबर को बागपत में स्वाभिमान महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मटौर, दौराला आदि गांवों में पहुंचकर समाज के लोगों से संपर्क किया और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मेलन में सामाजिक एकजुटता और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ यूजीसी का विरोध भी किया जाएगा।संगठन के युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयाग राणा, राष्ट्रीय महासचिव विकास चौहान, राष्ट्रीय संयोजक अक्षय चौहान, राष्ट्रीय संरक्षक प्रशांत ठाकुर और उत्तर प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष अंकुश चौहान ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियों, भेदभाव और अशिक्षा के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत है।
समाज के लोगों को शिक्षित और संगठित होकर समानता की भावना को मजबूत करना चाहिए। इसमें यूजीसी के फैसले का भी विरोध होगा और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। महासम्मेलन में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में समाज के प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।
महासम्मेलन रविवार एक नवंबर को सुबह बागपत स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज में होगा। पदाधिकारियों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सामाजिक प्रयास को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान रमेश मास्टर, सुरेंद्र चौहान, विपिन, अमित, रजनीश, बिल्लू, आयुष, सनी, विक्रांत, अनुज, दीपू, पवन आदि मौजूद रहे।