मेरठ। नृत्यांजलि फाउंडेशन के कलाकारों ने नौचंदी मेला पटेल मंडप में कथक के साथ शिव तांडव की प्रस्तुति से सभी को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में लखनऊ घराना ने सूफी नृत्य की भी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अवध की नजाकत और नफासत एक साथ देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता आलोक सिसोदिया, नरेंद्र राष्ट्रवादी, अंकुर गोयल, नासिर सैफी, राकेश गौड़ और जितेंद्र ने किया। गणेश वंदना और शिव तांडव की प्रस्तुति पर्णिका श्रीवास्तव एवं निखिल ने दी। सूफी अंदाज में पर्णिका श्रीवास्तव, निखिल, श्वेता गुप्ता एवं जया सिंह की प्रस्तुति खास रही।
ईद की पूर्व संख्या पर पर्णिका, निखिल, श्वेता, जया और प्रिया ने नौचंदी की गंगा जमुनी सभ्यता को दर्शाते हुए अल्लाह हू, अल्लाह हू...की पेशकश के साथ हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश दिया। एक मुलाकात में मस्त नजरों से...की प्रस्तुति भी कमाल रही। हर्षित चतुर्वेदी के सूफियाना अंदाज को सराहा गया।
वहीं, लखनऊ नृत्यांजलि फाउंडेशन की निदेशक रागिनी श्रीवास्तव ने बताया कि मेरठ में रामायण और महाभारत कालीन इतिहास देखने को मिलता है। उन्होंने बताया कि वह ताज महोत्सव आगरा , संभल महोत्सव , महाराजगंज महोत्सव , अमेठी महोत्सव , रायबरेली महोत्सव , बस्ती महोत्सव, सिद्धार्थनगर महोत्सव आदि में प्रस्तुति दे चुकी हैं।