दौराला - अस्पताल में भर्ती वेदप्रकाश। स्रोत : संवाद
- ऑपरेशन के नाम पर लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। सिवाया टोल प्लाजा स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के नाम पर गंभीर लापरवाही बरतने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने थाना दौराला में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रोहटा क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी नीरज कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपने पिता वेद प्रकाश शर्मा को 20 अप्रैल को पेट में दर्द होने पर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सक ने जांच के बाद पित्त की थैली में पथरी होने की जानकारी दी और शीघ्र ऑपरेशन करने की बात कही। परिजनों के अनुसार 21 अप्रैल को ऑपरेशन शुरू किया गया लेकिन बीच में ही डॉक्टर ने बाहर आकर कहा कि ऑपरेशन पूरा नहीं कर पाएंगे और मरीज को ले जाने की बात कही।
आरोप है कि 10 से 15 टांके लगा दिए गए। परिजनों ने इस पर सवाल उठाया और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने पीआरवी को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शांत कराया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।