संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा का नासरपुर नहर पुल के निर्माण के दौरान किसानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराए जाने की मांग को लेकर पुल पर चल रहा धरना अधिकारियों द्वारा अस्थायी पुल का निर्माण कराने के आश्वासन पर बृहस्पतिवार शाम समाप्त हो गया।
नासरपुर नहर पुल पर चल रहे धरने में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश चौधरी, जिला अध्यक्ष ठाकुर नवनीत चौहान टीम के साथ पहुंचे और सिंचाई विभाग के एक्सईएन एसडीओ और जेई को बंधक बनाकर धरनास्थल पर बैठाया। इसके बाद एक्सईएन और सिंचाई विभाग तत्काल प्रभाव से सक्रिय हुआ और अस्थायी पुल के लिए पाइप मंगाने प्रारंभ कर दिए।
शाम को एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने नायब तहसीलदार नितेष सैनी को मौके पर भेजा और भिड़वारा, नासरपुर, छोटी ऐंची, बड़ी ऐंची, सिखेड़ा आदि गांवों की समस्या को जल्द से जल्द अस्थायी पुल का निर्माण कार्य शुरू कराकर और गन्ना समिति के सचिव से वार्ता कर किसानों की पर्ची जारी कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश चौधरी व प्रदेश प्रवक्ता राहुल भाटी ने कहा यदि रविवार तक अस्थायी पुल तैयार नहीं किया गया तो धरना दोबारा से शुरू किया जाएगा। धरना देने वालों में सन्नी चौधरी, शादाब सैफी, पवन चौहान, भूपेंद्र चौहान, मोहित, लोकेश भाटी, निगम पहलवान, अमित नागर, शादाब सैफी, सूरज कुमार, मनोज मावी, विकास भाटी, प्रदीप नागर आदि उपस्थित रहे।
नासरपुर नहर पुल पर होता पुल निर्माण। (मवाना)