संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नशे में धुत कार सवारों ने कार सवार दंपती का पीछा कर मवाना में कार में टक्कर मार दी। महिला के साथ अभद्रता करने का भी आरोप लगाया गया है।
फलावदा थाना क्षेत्र के गांव सकौती निवासी शिवम ने मवाना थाने में तहरीर दी। बताया है कि वह नोएडा में कंपनी में नौकरी करता है। छोटा भाई भी साथ रहता है। रविवार को देर शाम नोएडा से कार से पत्नी और भाई के साथ गांव आ रहा था। रात 11.49 बजे इंचौली में पहुंचे तो वहां से सफेद रंग की वैगनआर कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कार में सवार लोग नशे में थे। वैगनआर कार सवारों ने उनकी कार में टक्कर मार दी। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए महिला को बाहर निकालने के लिए कहने लगे। पीछे से कार आती देख आरोपी भागने लगा।
उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी और कार की पीछा करना शुरू कर दिया। कार हस्तिनापुर में उधम सिंह चौक पर पहुंची, जिसका पीछा करते हुए वह भी वहां पहुंचे तो आरोपियों ने चार-पांच लोग बुला लिए, जो हाथों में लाठी-डंडे और चाकू लिए थे। जिस कारण जान बचाकर गाड़ी को वापस मोड़ दिया। गणेशपुर में डायल 112 मिली, जिसके साथ हस्तिनापुर पुलिस भी थी। आरोप है कि हस्तिनापुर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि मामला गाड़ियों में टक्कर लगने का है। अभद्रता आदि का आरोप गलत है। फिर भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है , जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।
-