सुभारती विश्वविद्यालय की ओर से एनईपी-2020 पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) की ओर से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 पर आधारित पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड इंजीनियरिंग के मदन मोहन मालवीय ऑडिटोरियम में हुआ। इसमें विभिन्न संकायों से 90 शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि नई शिक्षा नीति भारतीय संस्कृति और मूल्यों से भी जोड़ती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सैद्धांतिक ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और आधुनिक शैक्षणिक दृष्टिकोण से अवगत कराना था। कार्यक्रम में शिक्षा, शोध, तकनीक और अकादमिक उत्कृष्टता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान और संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. प्रमोद कुमार शर्मा ने किया। उन्होंने बहुविषयी शिक्षा, कौशल विकास और भारतीय ज्ञान प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया।
एचआरडीसी की निदेशक प्रो. पद्मा मिश्रा ने एफडीपी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। समन्वय सदस्य सचिव प्रो. गौरव कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान पाठ्यक्रम डिजाइन एवं विकास, अंतर्विषयी शिक्षण, शोध नैतिकता, अकादमिक अखंडता, ऑनलाइन शिक्षण, डाटा विश्लेषण, अनुदान लेखन, फंडिंग अवसर, बौद्धिक संपदा अधिकार, पेटेंट एवं डिजाइन फाइलिंग, तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। प्रो. गौरव कुमार शर्मा ने कुलपति, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. शल्या राज सहित सभी विशेषज्ञों और प्रतिभागियों का आभार जताया।