फलावदा। कस्बे में घरों से निकलने वाले कूड़े को जीरो वेस्ट में बदलने के लिए रूपरेखा लगभग तैयार है। कचरे से बने जैविक खाद से किचन गार्डन में सब्जियां उगाई जाएंगी। इस योजना के लिए नगर पंचायत को करीब 33 लाख रुपये मिल गए हैं।
फलावदा के मोहल्ला जोगीयान में नगर पंचायत द्वारा तैयार कराए जा रहे मैटेरियल रिकवरी फेसेलिटी (एमआरएफ) सेंटर में शीघ्र ही जैविक खाद बनाने का काम शुरू हो जाएगा। अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह की अगुवाई में कर्मचारियों को वर्कशॉप को तैयार किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी के मुताबिक इस योजना के लिए शासन द्वारा करीब 33 लाख रुपये का धन प्राप्त हुआ है। अब कस्बे में घरों से निकले कचरे से जैविक खाद तैयार होगा। जैविक खाद का भरपूर फायदा उठाने के लिए नगर पंचायत द्वारा किचन गार्डन तैयार कराया जा रहा है। इस गार्डन में हरी हरी सब्जियों का उत्पादन होगा। कस्बे को कचरा मुक्त करने के लिए नगर पंचायत द्वारा छेड़ी गई मुहिम के अंतर्गत घरों से निकलने वाले कूड़े को जीरो वेस्ट पर विकसित करने की रूपरेखा लगभग तैयार हो गई है। कचरे से तैयार जैविक खाद को किचन गार्डन में इस्तेमाल करने के साथ जैविक खाद किसानों को बेचा जाएगा। जिससे नगर पंचायत की आय बढ़ेगी। वहीं जैविक खाद पंचायत कर्मियों के लिए मुफ्त उपलब्ध होगा।