सरधना। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर में स्वच्छ वसंत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम चौक बाजार स्थित दिगंबर जैन कन्या प्राइमरी पाठशाला में संपन्न हुआ। जिसमें स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्यों और छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। नगर पालिका की स्वच्छ सरधना टीम ने अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन की विस्तृत जानकारी दी और स्वच्छता के महत्व व उसके लाभों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वच्छ सारथी क्लब के सदस्यों ने स्वच्छता की शपथ ली तथा विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की। उपस्थित लोगों ने स्वयं स्वच्छ रहने और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करने का संकल्प लिया। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।