लापता किशोरी की लोकेशन कंकरखेड़ा में मिली
कंकरखेड़ा। राजस्थान से एक माह पूर्व लापता किशोरी की लोकेशन कंकरखेड़ा में मिली। जानकारी पर परिजन किशोरी की तलाश में कंकरखेड़ा पहुंचे और पुलिस से मिले। पुलिस व परिजनों ने किशोरी की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा।
राजस्थान के चुरू जिले के गांव कातरा निवासी बजरंग लाल ने बताया कि 10 अक्तूबर को उनकी भतीजी मंजू (17) संदिग्ध हालात में लापता हो गई थी। परिजनों की तलाश के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा। क्षेत्र के थाने में किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है। रविवार को किशोरी की तलाश में चाचा बजरंग लाल व भतीजा मघाराम कंकरखेड़ा थाने पहुंचे। पुलिस को बताया कि भतीजी की लोकेशन कंकरखेड़ा क्षेत्र में आ रही है। राजस्थान पुलिस किशोरी को तलाशने में उनकी कोई मदद नहीं कर रही है। परिजनों द्वारा बताई गई लोकेशन के आधार पर पुलिस ने किशोरी को तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। थाना पुलिस का कहना है कि किशोरी की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं।