मेरठ। बीएड कॉलेजों में अब विवि की टीम औचक जाकर निरीक्षण करेगी। जहां नियमानुसार शिक्षक नहीं होंगे। उन कॉलेजों पर कार्रवाई की जाएगी। विवि ने बीएड के सभी कॉलेजों को 30 अक्तूबर का समय दिया था। 15 नवंबर के बाद विवि से तीन सदस्यीय टीम लगातार शिक्षकों का सत्यापन करेगी।
मेरठ और सहारनपुर मंडल के जिलों में 400 से अधिक बीएड के कॉलेज हैं। अधिकतर कॉलेजों के बारे में कई बार शिकायत की जा चुकी है, वहां पर नियमों के मुताबिक शिक्षकों की नियुक्तियां नहीं की गई हैं। शिक्षकों का सत्यापन भी कई बार हुआ लेकिन हर बार लापरवाही के चलते मामले पकड़ में नहीं आए। कुछ दिन पहले विवि प्रशासन ने बीएड के प्रैक्टिकल में सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों के शिक्षकों को भी परीक्षक बनाने का फैसला लिया तो तमाम शिक्षकों के नाम दो-दो कॉलेज में पाए गए। बहुत से बीएड कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति सिर्फ कागजों में दिखाई गई थी। ऐसे शिक्षकों के भी नाम थे जिनकी सरकारी नौकरी लग चुकी हैं। योग्यतानुसार शिक्षकों की सही संख्या नहीं मिली। इसके चलते विवि ने कार्य परिषद के तीन सदस्यों की समिति का गठन करने का निर्णय लिया था। तय हुआ कि यह समिति बीएड के कॉलेजों में औचक निरीक्षण करेगी। शिक्षकों का सत्यापन किया जाएगा। अगर मौके पर शिक्षक नहीं मिले तो कॉलेज के खिलाफ कार्रवाई होगी।