बदमाशों ने चरवाहे को बंधक बनाकर 10 बकरे लूटे
फलावदा। गांव पिलोना के पास बदमाश चरवाहे को बंधक बनाकर हजारों की कीमत के बकरे लूटकर फरार हो गए। चरवाहे ने बंधन मुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की तलाश की। घटना के संबंध में पीड़ित ने तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, गांव पिलोना निवासी आस मोहम्मद भेड़ बकरी पालकर अपनी आजीविका चलाता है। वह गांव पिलोना के पास मवाना मार्ग पर स्थित गन्ना क्रय केंद्र के समीप भेड़ बकरियां चरा रहा था। अचानक कुछ बदमाश तमंचा दिखाकर उसे खेत में ले गए तथा उसे बंधक बना लिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने फोन करके एक गाड़ी मंगाई तथा उसके 10 बकरे व बकरियां लेकर फरार हो गए। जिनकी कीमत करीब एक लाख बताई गई है। घटना के बाद पीड़ित द्वारा डायल 112 तथा थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बदमाशों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन लुटेरों का पता नहीं लग पाया। घटना के संबंध में थाने पर तहरीर दी गई है। बदमाशों द्वारा बकरियां लूट लिए जाने के बाद परिवार में मातम पसरा है। पीड़ित ने बताया कि परिवार के पालन पोषण करने का एक यही जरिया था, जो बदमाशों ने उससे छीन लिया।