मोदीपुरम। पल्लवपुरम फेज-दो स्थित चौहान मार्केट पर दुल्हैड़ा निवासी कुक्कू के जूस कार्नर पर रविवार को जूस पीने आए बदमाश ने पचास हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देकर बदमाश बाइक लेकर भाग निकला। दुकान संचालक ने बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस घटना काे संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
कुक्कू पुत्र सूरजमल ने बताया कि वह अपने पिता के साथ कई वर्षों से पल्लवपुरम फेज-दो स्थित चौहान मार्केट के सामने अनुज जूस कार्नर के नाम से जूस कॉर्नर चलाता है। रविवार को दुकान पर कुछ युवक बैठकर जूस पी रहे थे। एक युवक को छोड़कर सभी जूस पीकर चले गए। पीड़ित ने बताया उसकी जेब में पचास हजार रुपये थे। जूस पीने के बाद आरोपी ने कुक्कू की जेब से रुपये निकाल लिए और तेजी से बाइक पर बैठकर भाग निकला। जूस के बिना रुपये दिए आरोपी के भागने पर कुक्कू को शक हुआ तो उसने जेब चेक की तो जेब में रुपये नहीं थे।
कुक्कू शेार मचाते हुए बाइक सवार बदमाश के पीछे भागा, लेकिन बदमाश तेजी से भाग निकला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीओ शुचिता सिंह का कहना है कि थाना प्रभारी ने प्राथमिक जांच के बाद घटना को संदिग्ध बताया है। लेनदेन का विवाद होने की संभावना है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।