संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। नगर पंचायत हर्रा के दसवें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विकास, स्वच्छता और शिक्षा का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। मुख्य अतिथि विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद और विशिष्ट अतिथि अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी रहे। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर मोहम्मद अली ने की।
शुरुआत चौधरी बशीर खां इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर की। विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता के महत्व पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरुक किया। नाटक के माध्यम से खुले में कूड़ा डालने, गंदगी फैलाने और स्वच्छता के प्रति लापरवाही से होने वाले नुकसान को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। इस दौरान राज्य शिक्षा पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका प्रतिभा रानी भारती को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक हाजी गुलाम मोहम्मद ने कहा कि स्वच्छता और शिक्षा किसी भी क्षेत्र की तरक्की की मजबूत नींव हैं। बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की स्थापना के बाद क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिली है। 0
अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के सदस्य नरेंद्र खजूरी ने भी स्वच्छता और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष कुंवर मोहम्मद अली ने नगर पंचायत की दस वर्ष की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ठाकुर मनोज चौहान, कविता प्रधान, हाफिज निसार, शेरू प्रधान, आस मोहम्मद, सभासद रिहान, कामिल, रवि भारत चिकारा, रणवीर ठेकेदार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।