सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 अगस्त को लापता हुई युवती पुलिस को मिल गई है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। युवती के बयान में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मुकदमे में धारा बढ़ाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
पीड़ित परिजनों ने मुजफ्फरनगर के थाना ब़ुढ़ाना के गांव जौला निवासी इब्राहिम और रिजवान के खिलाफ युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से पुलिस युवती की तलाश में लगी हुई थी। बुधवार को युवती की लोकेशन गांव बपारसी के पास ट्रेस हुई। इसके आधार पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी, जहां युवती उन्हें मिल गई। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजने के बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए गए। बयान में युवती ने बताया कि अपहरण के बाद शोएब निवासी जौला ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को ताबड़तोड़ दबिश देते हुए काली नदी क्षेत्र से आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद चालान तैयार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवती मिल गई है। उसके बयान के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।