फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: बोल बम के जयघोष से गूंजने लगा कांवड़ मार्ग

विज्ञापन
विज्ञापन
- शिवभक्तों की सेवा के लिए सजने लगे शिविर, वाटरप्रूफ बनाए जा रहे शिविर
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। श्रावण मास की शुरुआत से पहले ही चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर भगवान शिव के जयकारे गूंजने लगे हैं। गोमुख, गंगोत्री और यमुनोत्री से गंगाजल लेकर राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा समेत अन्य राज्यों के कांवड़ियों के जत्थे मार्ग से गुजरने लगे हैं।
मंगलवार की सुबह तेज बारिश के बीच कई जत्थे शिवालयों की ओर बढ़ते दिखाई दिए। कांवड़ियों की संख्या फिलहाल कम है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। कांवड़ियों का कहना है कि 51 और 151 लीटर तक गंगाजल लेकर चलने वाले शिवभक्तों को बार-बार विश्राम करना पड़ रहा है। ऐसे में अधिकांश कांवड़िए भोर या रात के समय यात्रा करना पसंद कर रहे हैं।
विज्ञापन

कांवड़ियों की सेवा के लिए सलावा, कपसाड़, अटेरना, मानपुरी, कुलंजन, सरधना पुल, अहमदाबाद, दबथुवा और नानू पुल समेत प्रमुख स्थानों पर सेवा शिविर लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। रोहटा क्षेत्र में डूंगर और जटपुरा के पास भी टेंट लगाए जा रहे हैं। शिविरों में भंडारे के साथ भोजन और विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।
बारिश को देखते हुए इस बार अधिकांश शिविरों को वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है। कांवड़ियों को जमीन पर न सोना पड़े, इसके लिए लकड़ी के तख्त, बुग्गी और ट्रॉलियों की व्यवस्था की जा रही है। रात्रि विश्राम के दौरान कीड़े-मकोड़ों से बचाव के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।

सीसीटीवी से होगी निगरानी
प्रमुख शिविरों और मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी है। इनके माध्यम से मार्ग की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस बल की भी तैनाती शुरू कर दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति या अव्यवस्था से तत्काल निपटा जा सके। प्रशासन की ओर से गंगनहर पटरी पर सफाई, सड़क की मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। हालांकि कई स्थानों पर पेयजल के लिए नल अभी चालू नहीं हुए हैं। संबंधित विभागों को इन्हें जल्द चालू कराने के निर्देश दिए गए हैं।

हल्के वाहनों की आवाजाही जारी
कांवड़ मार्ग पर फिलहाल दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। इसी कारण हल्के वाहनों की आवाजाही भी जारी है। आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ मार्ग पर वाहनों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की चुनौती बढ़ेगी। ग्रामीण और प्रशासन मिलकर शिवभक्तों की सेवा, सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम में जुटे हैं।
विज्ञापन

बयान...
उप जिलाधिकारी उदित नारायण सेंगर ने बताया कि कांवड़ शिविर के लिए क्षेत्र में अनुमति जारी कर दी गई है। बाकी आवेदनों पर जांच रिपोर्ट मंगाई गई है। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारियां लगातार चल रही हैं। कांवड़ मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें