सुंदर पाठ करते श्रद्धालु (फलावदा)
फलावदा। क्षेत्र के गांव गडीना स्थित प्राचीन शिव मंदिर परिसर में मंगलवार को श्री बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल के तत्वावधान में धार्मिक निष्ठा और उत्साह के साथ सुंदरकांड व हनुमान चालीसा के स्मरण का भव्य आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से हनुमान की पूजा-अर्चना की और चोला चढ़ाकर भव्य शृंगार किया। हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का वर्णन प्रस्तुत किया गया।
श्री बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल के जिला मुख्य प्रभारी अमन भाटी ने बताया कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के नेतृत्व में जातिवाद को जड़ से खत्म करना ही हिंदू धर्म का एजेंडा होगा। इसके लिए हर गांव हर घर में सुंदरकांड से हिंदू राष्ट्र अभियान के तहत देश को हिंदू राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ जाति के भेदभाव को खत्म करके हर गांव हर घर में सुंदरकांड पाठ कराया गया है। मौके पर ही नगर एवं आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने सदस्यता फॉर्म भरकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान प्राचीन शिव मंदिर समिति द्वारा बागेश्वर धाम से आए कार्यकर्ताओं को पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें हनुमान चालीसा एवं सुंदरकांड की पुस्तकें भेंट की गईं। इस मौके पर बागेश्वर धाम सुंदरकांड मंडल केंद्रीय समिति के जिला मुख्य प्रभारी अमन भाटी, जिला क्षेत्रीय प्रभारी सुरेश पाल, युवा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार सैनी, सह प्रभारी बसंत सैनी, कृष्णपाल, गोरक्षक अभिषेक भाटी, आयोजनकर्ता राजेंद्र वर्मा, गौरव सैनी, विक्की बैंसला, डॉ. अश्वनी प्रजापति, डॉ. अरुण भाटी शास्त्री आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।