दौराला - दौराला में हाईवे से गुजरते कांवड़ियां। स्रोत : संवाद
दौराला। हाईवे पर शिवभक्तों का सैलाब उमड़ने लगा है। भगवान आशुतोष के जयकारों के बीच कांवड़ियों के कदम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। शिवभक्तों की कांवड़ सेवा शिविरों में सेवा हो रही है।
हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री आदि स्थानों से गंगाजल लेकर कांवड़िये अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। शिवभक्ति में डूबे शिवभक्त बिना थके, उमस और तपती धरती की चिंता किए बिना शिवालयों की ओर बढ़ते जा रहे हैं। भोले का नाम जपते हुए शिवभक्तों का सफर आसान हो रहा है। हाईवे पर दादरी से लेकर टोल प्लाजा तक कई शिविर लगे हुए हैं, जिनमें शिवभक्तों की सेवा की जा रही है।
शिविर का हुआ शुभारंभ
दौराला। सकौती स्थित विद्युत निगम के उपखंड कार्यालय के बाहर विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ सेवा शिविर लगाया। विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार जायसवाल, उपखंड अधिकारी शिव प्रकाश ने ज्योति प्रचंड करके शुभारंभ किया। राज्य विद्युत परिषद प्राविधिक कर्मचारी संघ के पश्चिमांचल अध्यक्ष कवितेंद्र बच्चस के साथ ओम वर्मा, शुभम मलिक, मनोज राजपूत, सावन, राहुल, मोहित, अवर अभियंता विद्यासागर पाल, सूरज सिंह, सनी सिंह, संतोष गौतम आदि ने भोले के भक्तों को फल वितरित किए। इस दौरान पूर्व प्रधान अशोक शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद