मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र के पूर्वा फतेहपुर निवासी हमजा ने थाने में केस दर्ज कराते हुए बताया कि वह शनिवार शाम अजंता पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए गया था। इसी बीच सोतीगंज निवासी दो युवक मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित से बाइक हटाने को कहा। आरोप है कि बाइक हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी। हमलावरों ने पीड़ित पर हमला कर दिया।
वहीं, आरोपियों के साथी भी मौके पर पहुंच गए। हमलावरों ने बीच-बचाव में आए पीड़ित के साथी नदीम को भी पीटा। इस दौरान हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर जमकर हुड़दंग मचाया। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर मौके से भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सोफियान, आदिल व लल्लो के खिलाफ केस दर्ज कर दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।