मेरठ से सटे परीक्षितगढ़ में युवती को जबरन नशीला पदार्थ सुंघाकर दो युवकों ने पुलिस चौकी के नजदीक एक स्कूल में सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए भेज दिया।
गुरुवार दोपहर क्षेत्र के एक गांव की युवती परिजनों के साथ साथ थाने पहुंची। पीड़िता ने तहरीर में बताया कि बुधवार सुबह पड़ोस के गांव के रहने वाले दो युवकों ने उसे अकेला पाकर नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उसे गांव चितवाना शेरपुर चौकी के समीप बंद पड़े एक स्कूल में ले गए।
दोनों युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दोपहर में युवती के होश में आने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट की। परिवार के लोगों को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता ने दो युवकों को नामजद कराते हुए तहरीर दी है। वहीं, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है, लेकिन उक्त युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका।
थानाध्यक्ष आनंद प्रकाश मिश्र का कहना है कि पीड़िता ने दुष्कर्म की तहरीर दी है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।