प्रेमी के साथ जाने के लिए युवती छत से कूदी, घायल, पुलिस देख प्रेमिका को रोड पर छोड़कर भागा युवक
मवाना। क्षेत्र के एक ही गांव के युवक और युवती बुधवार रात घर से फरार हो गए। युवती जाते समय छत से कूदने के प्रयास में घायल हो गई। बाईपास पर पहुंची घायल युवती के लिए चल पाना मुश्किल हो गया। सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया तथा बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का गांव के ही युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। बताया गया कि इसी माह युवती बालिग हुई है। योजना के अनुसार, प्रेमी और प्रेमिका ने घर से भागकर शादी करने की योजना बनाई। बुधवार रात युवती प्रेमी संग जाने के लिए छत से कूद गई, जिससे वह घायल हो गई। किसी तरह युवती और उसका प्रेमी बाईपास तक पहुंचे। लेकिन चोट लगने के कारण युवती चल नहीं पा रही थी। रात के समय सड़क पर युवक-युवती को देख सड़क निर्माण में लगे मजदूरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक, प्रेमिका को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायल युवती को सीएचसी में भर्ती कराया। पूछताछ के बाद उसके परिजनों को जानकारी दी। सीएचसी पहुंचे परिजन युवती को अपने साथ ले गए। थाने में कोई तहरीर नहीं दी है।