प्रदेश में नारी सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है, लेकिन जिले में मनचले इससे इत्तेफाक नहीं रखते हैं। छेड़छाड़ करने पर महिला मनचले से भिड़ गई। पहले उसकी चप्पलों से धुनाई की, बाद में लोगों की भीड़ ने मनचले को लात-घूसों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। भीड़ का लाभ उठाकर मनचला फरार हो गया, जिसका लोगों ने काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका है।
पढ़ें : छात्रा ने पुलिस के सामने चप्पलों से उतारा आशिकी का भूत, देखें तस्वीरें
मामला अलमासपुर चौराहे का बताया गया है। यहां एक महिला ने सरेआम युवक की धुनाई शुरू कर दी। युवक पिछले तीन दिनों ने महिला को छेड़छाड़ कर परेशान कर रहा था। बृहस्पतिवार को भी महिला किसी कार्य से बाजार आई थी, तभी युवक ने छेड़छाड़ कर अश्लील हरकत कर दी। इससे महिला बिफर पड़ी और मनचले पर जूता निकाल कर टूट पड़ी। काफी देर तक महिला ने युवक की चप्पलों से धुनाई की। इस दौरान राहगीरों और महिला के साथ आई युवतियों ने युवक की पिटाई की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वीडियो में साफ है कि महिला मनचले से कई रोज से तंग थी, जिसने सरेआम मनचले को सबक सिखाया है। हंगामा होने पर लोगों की भीड़ लगी, जिसे माजरा समझने में जरा भी देर नहीं लगी। लोगों ने मनचले को महिला से छुड़ाकर जमकर लात-घूसों से पीटा। इसी बीच भीड़ अधिक हुई तो युवक चकमा देकर भाग निकला। जिसका लोगों ने काफी दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। बता दें कि प्रदेशभर में नारी सशक्तीकरण के तहत नारी सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। स्कूल, कॉलेजों में छात्राओं को मनचलों से निपटने के गुर सिखाए जा रहे हैं, जबकि पुलिस भी सुरक्षा का दावा कर रही है, मगर जिले में मनचलों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वह भरे बाजार महिलाओं, युवतियों से छेड़छाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। नईमंडी पुलिस ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। यदि इस मामले की तहरीर आती है तो आरोपी युवक को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/