मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में रविवार शाम खरखौदा मोड पर लेकर मुज्जफरनगर से दिल्ली जा रहे एक ट्राले में भरे गार्डर ब्रेक मारने के बाद केबिन पर आ गिरे। इससे ट्राॅले का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और परिचालक बाल-बाल बचे। वहीं, हादसे के बाद दिल्ली रोड पर काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्राले को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारु कराया।
यह ट्राॅला जब दिल्ली की ओर जा रहा था तो इसी दौरान मोहिउद्दीनुपर में खरखौदा मोड़ पर सड़क पार कर रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। दिल्ली रोड पर सड़क के बीच में ट्रक को देखकर ट्राॅला चालक ने भी अचानक ब्रेक लगा दिए। गति ज्यादा होने के कारण ट्राले में भरे गार्डर ट्राॅले के केबिन पर आ गिरे। इससे केबिन आगे की ओर झुक गया और क्षतिग्रस्त हो गया। यह देखकर पास की दुकानों पर मौजूद लोग दौड़े और चालक और परिचालक को केबिन से बाहर निकाला। ट्रक और ट्राले के दिल्ली रोड के बीच में होने के कारण दिल्ली रोड पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगाकर ट्राॅले को दिल्ली रोड से हटाया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। किसी को चोट नही आई है।