मेरठ। जनहित फाउंडेशन द्वारा बुधवार को बाल विवाह मुक्त रथ यात्रा निकाली गई। रथ यात्रा का शुभारंभ एक फरवरी को ऊर्जा मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने किया था। बुधवार को यह बाल कल्याण समिति कार्यालय पहुंची। बाल कल्याण समिति के सभी सदस्य और जेजे बोर्ड के दोनों सदस्यों ने बाल विवाह मुक्त भारत में अपना सहयोग देने की बात कही और हस्ताक्षर कर बाल विवाह रोकने के लिए मुहिम की सराहना की।
बाल कल्याण समिति सदस्य अजय शर्मा, पूनम शर्मा, मालिनी द्विवेदी, रूपा जैन, जेजे बोर्ड सदस्य महेश शर्मा और नीलम सक्सेना, परिवीक्षा अधिकारी श्रीति सगर अभियान में उपस्थित रहे। जनहित फाउंडेशन की अध्यक्ष अनीता राणा ने बताया कि संस्था स्कूलों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती है। जिससे सभी को बाल विवाह अपराध पर जागरूक कर सकें। फाउंडेशन कॉर्डिनेटर अजय कुमार मौजूद रहे।