सरधना। ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च सरधना में माता के वार्षिक पर्व को लेकर इस वर्ष 7 और 8 मई को विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं ने तैयारी शुरू कर दी है।
फादर मार्टिन रावत ने बताया कि 7 मई की शाम मेरठ स्थित कैथेड्रल चर्च में रात्रि 9:00 बजे से 10 बजे तक आराधना का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात 10 बजे से सरधना चर्च के लिए पवित्र पदयात्रा निकाली जाएगी जो भजन-कीर्तन, माला जप और प्रार्थना के साथ श्रद्धा संपन्न होगी। पदयात्रा में श्रद्धालु रोसरी का पाठ करते हुए, भजन गाते हुए और ईश्वर की स्तुति करते हुए सरधना की ओर प्रस्थान करेंगे। 8 मई को सरधना में विशेष मिस्सा का आयोजन किया जाएगा। पहला मिस्सा प्रातः 3:45 बजे और दूसरा मिस्सा सुबह 11:30 बजे आयोजित होगा। इन धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे आध्यात्मिक आस्था, शांति और भक्ति का पर्व बताया है।