हस्तिनापुर के प्राथमिक विद्यालय उत्साहित बच्चों के साथ मौजूद शिक्षिकाएं स्रोत संवाद
सरधना/बहसूमा/दौराला/लावड़/परीक्षितगढ़/जानीखुर्द/सरूरपुर/हस्तिनापुर। परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों का पहला दिन बच्चों के लिए यादगार बन गया। मंगलवार को स्कूलों में उत्सव का माहौल रहा। विद्यालय गुब्बारों व रंगोलियों से सजाए गए थे। माला पहनाकर व तिलक कर बच्चों का स्वागत किया गया। मध्याह्न भोजन में खास व्यंजन परोसे गए।
सरधना ब्लॉक क्षेत्र के गांव अहमदाबाद व राजपुर मोमन में छात्रों की संख्या कम होने के कारण इनका विलय किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन लाल और एडीओ पंचायत सुनील कुमार ने विद्यालयों में जाकर छात्रों का स्वागत करते हुए जागरूक किया।
दौराला ब्लॉक के बंशीपुरा गांव के स्कूल के बच्चों को अख्तियारपुर गांव के स्कूल में स्थानांतरण किया गया। शिक्षक अजयवीर बच्चों को रिक्शे में लेकर अख्तियारपुर गांव के स्कूल में पहुंचे। मिश्रीपुरा के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को महलका के स्कूल में स्थानांतरण किया गया है।
जानी क्षेत्र के लोहड्डा गांव में प्राथमिक स्कूल नंबर एक को गांव के ही प्राथमिक स्कूल नंबर दो में मर्ज कर दिया।
माछरा में परिषदीय विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और गांव में जनजागरूकता रैली निकाली। मिड डे मिल में बच्चों को हलवा, खीर एवं दाल चावल का भोजन दिया गया।
हस्तिनापुर में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सभी स्कूल मंगलवार से खुल गए हैं। छात्र-छात्राओं का गेट पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी कमल राज ने बताया कि एक जुलाई से स्कूल चलो अभियान भी शुरू हो गया, जो 15 जुलाई तक चलेगा।