-दमकल विभाग की टीम ने बचाव कार्य के लिए कर्मचारियों से दो शिफ्ट में कार्य कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर सिल्वर टोन पल्प एंड पेपर मिल में लगी आग मंगलवार दोपहर बाद चार बजे तक बुचाई जा सकी। आग बुझाने में मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ व सहारनपुर की दमकल विभाग टीम ने सोमवार दोपहर से लगातार प्रयास किया। इसके बाद भी आग 27 घंटे में बुझ पाई। आग से तीस करोड़ का नुकसान होना बताया गया।
सोमवार दोपहर से लगी आग लगातार प्रयासों के बाद भी बुझ नहीं पाई थी। बचाव टीम सोमवार दोपहर से मंगलवार दोपहर बाद चार बजे तक बचाव कार्य में लगी रही। पूरी रात आग बुझाने के प्रयास किए गए। दमकल विभाग टीम ने बचाव कार्य के लिए कर्मचारियों से दो शिफ्ट में कार्य कराया।
मंगलवार दोपहर बाद चार बजे आग को बुझाया जा सका। मुख्य दमकल अधिकारी अनुराग कुमार ने बताया कि आग पेपर बनाने की सूखी वेस्ट सामग्री में लगी थी। आग तेज हवा के कारण भड़क रही थी, जिसके चलते बुझाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आग पर सोमवार रात में काफी काबू पा लिया गया था, लेकिन आग वेस्ट सामग्री के बंडल व ढेर में अंदर ही अंदर सुलग रही थी। बंडलों व ढेर को जेसीबी की मदद से गिरा कर पानी डालकर बुझाया गया। आग को मंगलवार दोपहर बाद चार बजे बुझाया जा सका है। पेपर मिल मालिकों ने नुकसान के बारे में अभी लिखित में नहीं दिया है।
यह था मामला-
नई मंडी कोतवाली के भोपा रोड पर सिल्वर टोन पल्प एंड पेपर मिल में सोमवार दोपहर डेढ़ बजे वेस्ट सामग्री में आग लग गई थी। कर्मचारियों ने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन सफलता न मिलने पर दमकल विभाग टीम को सूचना दी गई थी।
मुजफ्फरनगर की दमकल विभाग टीम ने पहुंचने के बाद आग बुझाने के लिए जानसठ, बुढ़ाना व आसपास सभी पेपर मिल व फैक्टरी से भी पानी से लदे टैंकरों को बुलाया था। सफलता न मिलते देखकर सहारनपुर, मेरठ व शामली से भी दमकल टीम को बुलाया गया था।
इन टीमों के तीन दर्जन कर्मचारियों के अलावा पेपर मिल के कई दर्जन कर्मचारी आग बुझाने के कार्य में जुटे थे।