पुलिस को जानकारी देते ग्रामीण व परिजन
- फोटो : अमर उजाला
छात्रा सोनी हत्याकांड के खुलासे में हत्यारोपी अमरपाल की बातों से परिवारीजन आहत हैं। पिता बीरसैन का कहना है कि आरोपी ने हमारी बेटी को जिंदा रहते भी सताया और अब मरने के बाद भी हमारे परिवार को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है।
छात्रा के पिता बीरसैन का कहना है कि आरोपी अमरपाल ने जो कहानी सुनाई है, वह झूठी है। वह बेटी के साथ अक्सर छेड़छाड़ करता था। लोकलाज के भय की वजह से तब खुलकर विरोध नहीं कर पाते थे। दो महीना पूर्व की घटना पर बीरसैन ने कहा कि यदि उस समय गांव के लोगों की बात नहीं मानते और फैसला नहीं करते, तो शायद आज यह दिन देखने को नहीं मिलता।
कॉलेज में कर दी गई छुट्टी
गंगेरू स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज का स्टाफ भी बृहस्पतिवार को छात्रा सोनी के घर पहुंचा। इस दौरान छात्रा सोनी की मां उनसे लिपटकर रो पड़ी और चिल्ला रही थी कि जालिम ने आपकी बेटी के टुकड़े कर दिए। अब उसे मैं कहां से लाउं जो पढ़ने के लिए तुम्हारे स्कूल भेज सकूं। आसपास गांव की रहने वाली उसकी सहपाठी छात्राएं भी घर पहुंचने पर सोनी का शव देख कर रोती रहीं। वहीं, छात्रा की बहन पूनम भी बृहस्पतिवार सुबह गढ़ीश्याम पहुंची और अपनी बहन का शव देखकर बिलख बिलखकर रोते हुए बेहोश तक हो गई। इसके बाद परिवार के लोग उसे घर ले गए।
नाराजगी जताई
धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि जब गरीब की बेटी सुरक्षित नहीं है तो उन्हें पढने के लिए कौन भेजेगा। वैसे ही गरीब के घर तो खाने के लाले रहते हैं, जैसे तैसे अपने बच्चों को पढ़ा लिखा कर कुछ बनाने की सोचते हैं तो जालिम ऐसा नहीं होने देते। पुलिस के पास भी सुनवाई नहीं है। वहां पर भी गरीब को हर तरह से दबाया जाता है।
पढ़ें : छात्रा मर्डर केस: आशिक ने कबूला जुर्म, हत्या से पहले युवती ने कही थी ये बातें
कॉलेज के बाहर पुलिस बल तैनात
विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा के चलते पुलिस ने गंगेरू स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल इंटर कॉलेज के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, कॉलेज समय के दौरान पुलिस बल कांधला कस्बे में भी गश्त करती नजर आई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य कविता देवी ने बताया कि बेटियों को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत अपने परिजन व पुलिस को जानकारी देनी चाहिए। किसी भी छोटी बात को छिपाना नहीं चाहिए। राजकीय महिला महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य सतेंद्र सिंह ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा के लिए शासन प्रशासन गंभीर है। कॉलेजों में उन्हें जागरूक किया जा रहा है। पुलिस भी इस ओर अधिक ध्यान दे ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। आर्य वैदिक इंटर कालेज की प्रधानाचार्या मिथलेश ने कहा कि छात्राओं और अभिभावकों को हौसले से काम लेना होगा। अभिभावक भी अपने बच्चों पर पूरा ध्यान दें। छात्राएं कोई बात होने पर कॉलेज प्रशासन, पुलिस व अभिभावकों को तुरंत अवगत कराएं, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। जिन रास्तो से छात्राएं पैदल आती जाती हैं, वहां स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय पुलिस तैनात रहनी चाहिए।
समय के साथ घटनाक्रम ---
3:30 बजे तड़के छात्रा का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव में पहुंचा।
7:30 बजे सुरक्षा के चलते गांव में पुलिस बल पहुंच गया।
8:30 बजे अंतिम संस्कार की बात पर परिजनों ने मना कर दिया।
9: 15 बजे पुलिस ने छात्रा के तहेरे भाई अमित को थाने ले जाकर चर्चा की
10:20 बजे छात्रा की बहन पूनम गांव में पहुंची और रोते रोते बेहोश हो गई
10:51 कॉलेज छुट्टी करने के बाद गांव में सोनी के घर पहुंचा
11:10 बजे छात्रा का शव श्मशान घाट ले जाया गया
11:27 बजे सोनी के परिजनों ने अंतिम संस्कार के लिए शव चिता पर रखा
11:38 बजे अपनी मांगो ंको लेकर परिजनों ने श्मशान स्थल पर धरना शुरू किया
11:54 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने गंगेरू चौकी इंचार्ज को धरने पर बैठा लिया
12:10 बजे विधायक प्रतिनिधि के तौर पर भाजपा नेता नरेश सैनी पहुंचे
12:35 बजे सीओ कैराना राजेश तिवारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया
12:52 एसडीएम कैराना ने आर्थिक सहायता और कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया
12:55 पर छात्रा सोनी का अंतिम संस्कार किया गया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/