नहटौर। बिजनाैर से शव लेकर जा रहे परिजनों की कार का शीशा बाइक सवार युवकों की बाइक के शीशे से टकरा गया। जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद बाइक सवार युवकों ने उन्हें अपने गांव में रोक लिया तथा अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। मारपीट में कार सवार एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए।
नगीना क्षेत्र के गांव मंझेडा निवासी रईस पुत्र अब्दुल गफूर की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उसे बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन निजी कार से उसके शव को लेकर गांव लौट रहे थे। गांगन नदी के पुल के पास नगीना रोड पर मोड़ते समय उनकी कार का शीशा बल्लाशेरपुर निवासी युवकों की बाइक के शीशे से टकरा गया। जिस कारण दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि उसके बाद युवक उनसे पहले ही गांव पहुंच गए।
उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर कार को रोक लिया। कार सवार नौशाद, अमीर हसन, मो. सानिब व मुन्नी को मार पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।