नंगली किठौर गांव शनिवार को मिले सैलून संचालक बिट्टू (23) के शव के बाद मृतक के पिता वीर सिंह ने रविवार को गांव के ही छह लोगों के खिलाफ घर से बुलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। वीसरा सुरक्षित रखा गया है। शरीर पर चोट के भी निशान नहीं मिले है। पुलिस जांच कर रही है।
गांव नंगली किठौर निवासी वीर सिंह का आरोप है कि शुक्रवार को उसकी बेटा बिट्टू घर पर था। तभी गांव के छह लोग आए और बिट्टू को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। बिट्टू घर से खाना भी लेकर गया था। शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। शनिवार को उसका शव गांव के ही विक्रम के खेत में चारपाई पर पड़ा मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बिट्टू के शव के पास उसकी चप्पल के पास ही एक डंडा भी मिला था। इसके बाद परिजन बिट्टू के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
सीओ किठाैर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जाकर जांच की है। डंडा मौके पर कैसे पहुंचा। इसकी भी जांच की जा रही है। पिता की ओर से दी गई तहरीर में छह लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मौत का कारण पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। सभी बिंदुओं पर मौत की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।