सोशल डिस्टेंसिंग से परिवार ने दी कोरोना को मात
मेरठ। शहर में एक तरफ नवीन मंडी से फल और सब्जी विक्रेताओं ने अपने क्षेत्रों में कोरोना की लंबी चेन बना दी है। इसके विपरीत सदर चाणक्यपुरी निवासी परिवार ने सोशल डिस्टेंसिंग का महत्व समझते हुए कोरोना के खिलाफ जंग जारी रखी है। कोरोना पॉजिटिव कपड़ा व्यापारी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। परिवार के सभी सदस्य सतर्कता बरत रहे हैं।
सदर चाणक्यपुरी क्षेत्र निवासी कपड़ा व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। परिवार को घर में ही क्वारंटीन किया गया था। कपड़ा व्यापारी को 20 अप्रैल से वायरल बुखार था। परिवार ने उन्हें घर में क्वारंटीन कर दिया था। कपड़ा व्यापारी के पुत्र ने फोन पर बताया कि 25 अप्रैल को पिता और उसने जिला अस्पताल में टेस्ट कराया। कपड़ा व्यापारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पुत्र की रिपोर्ट नेगेटिव थी। इसके बाद मेडिकल टीम ने व्यापारी के दो पुत्र, उनकी पुत्रवधू और तीन बच्चों सहित उनकी पत्नी को घर में ही क्वारंटीन कर दिया। सदर दाल मंडी और सब्जी मंडी सहित पूरे क्षेत्र को सील किया गया। उन्होंने बताया कि घर में तमाम तरह की सावधानी बरती गई। तीन चार बार उन्होंने भांप ली और विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन किया। पूरे परिवार ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। रविवार रात उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद रिश्तेदारों और अन्य परिचितों को फोन कर रिपोर्ट के संबंध में अवगत कराया। कपड़ा व्यापारी के पुत्र ने बताया कि उनकी पिता ने नियमित मोबाइल पर बात हो रही है। अब कपड़ा व्यापारी की हालत में सुधार है। रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद पूरा परिवार सावधानी बरत रहा है। कपड़ा व्यापारी का मेडिकल में इलाज चल रहा है। दोनों भाई चाणक्यपुरी में ही अपने अलग अलग घर में रह रहे हैं।