- सांसद और आईएमए के प्रयास से मिलेंगे विशेषज्ञ चिकित्सक
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। छावनी परिषद द्वारा संचालित कैंटोनमेंट जनरल हॉस्पिटल की सूरत जल्दी ही बदल जाएगी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के प्रयास से कैंटोनमेंट हॉस्पिटल को विशेषज्ञ चिकित्सक मिलने वाले हैं। इससे मरीजों को अस्पताल में ही विशेषज्ञ सुविधाएं मिल जाएगी। अस्पताल को चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए भाजपा के राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी विशेष सहयोग कर रहे हैं।
छावनी परिषद के प्रेस प्रवक्ता जयपाल सिंह तोमर ने बताया कि शीघ्र ही अस्पताल की हालत पूरी तरह से बदल जाएगी। सांसद निधि से अस्पताल को चिकित्सा उपकरण उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलवाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। सांसद निधि से छावनी परिषद द्वारा संचालित लाइब्रेरी को डिजिटल लाइब्रेरी में बदला गया है। बृहस्पतिवार को विशेषज्ञ चिकित्सकों को लेकर छावनी परिषद कार्यालय में सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के साथ छावनी परिषद के सीईओ जाकिर हुसैन व आईएमए पदाधिकारियों की बैठक होगी।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन आईएमए से जुड़े चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे। आईएमए मेरठ चैप्टर की अध्यक्ष डॉ. मनीषा त्यागी ने बताया कि गायनोकाेलॉजिस्ट डॉ. मानिक जैन, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता चिकारा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. सुमित उपाध्याय तथा हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधाकर जैन ओपीडी करेंगे। ऐसे में अब कैंटोमेंट अस्पताल में भी मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।