क्रांतिधरा मेरठ अब फुटबाल के जुनून में सराबोर होने के लिए तैयार है। जिला फुटबाल संघ (एमएफए) के तत्वावधान में पहली बार मेरठ प्रीमियर लीग (एमपीएल) का भव्य आयोजन होने जा रहा है। आगामी 26 अप्रैल से 10 मई तक आईआईएमटी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर फुटबाल के धुरंधर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने इस हाई-वोल्टेज टूर्नामेंट का पूरा खाका पेश किया। एसोसिएशन की उपाध्यक्ष ऋचा सिंह ने बताया कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य जिले में फुटबाल की सोई हुई चमक को वापस लाना और युवाओं को इस खेल से जोड़ना है। टूर्नामेंट में कुल 7 टीमें खिताबी जंग के लिए मैदान में उतरेंगी।
जिला सचिव ललित पंत ने लीग के नियमों और पुरस्कारों की जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता अंकों (प्वाइंट टेबल) के आधार पर होगी। विजेता टीम को 51,000 नकद, ट्रॉफी, पदक और शानदार रोलिंग ट्रॉफी मिलेगी। उपविजेता को 31,000 नकद, ट्रॉफी और पदक दिया जाएगा। तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी एवं पदक दिया जाएगा। वहीं पहले और दूसरे स्थान पर रहने वालीं टीमें प्रतिष्ठित दुर्गा सिंह ट्रॉफी जिला फुटबाल लीग के क्वार्टर फाइनल के लिए सीधे क्वालिफाई करेंगी।
व्यक्तिगत श्रेणियों में भी होगा सम्मान
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हर मैच में मैन ऑफ द मैच चुना जाएगा। इसके अलावा टूर्नामेंट के समापन पर इन श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को नवाजा जाएगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर, टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को सम्मानित किया जाएगा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव दिखेगा जलवा
मेरठ के बाहर बैठे फुटबाल प्रेमी भी इस रोमांच का हिस्सा बन सकेंगे। सभी मैचों का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर किया जाएगा। लीग को सफल बनाने में ग्लोबल सोशल कनेक्ट, डिलिजेंट बिल्डर्स, वेक्सेला फार्मास्युटिकल्स और यूपीएससी टॉपर्स हब सहित कई प्रतिष्ठित संस्थान सहयोग कर रहे हैं। लीग का औपचारिक आगाज 26 अप्रैल को शाम 4:00 बजे डॉ. मुमतेश गुप्ता द्वारा किया जाएगा। इस दौरान स्थानीय फुटबाल प्रेमियों और खेल जगत की नामचीन हस्तियों के जुटने की उम्मीद है।
ये टीमें करेंगी प्रतिभाग
मेरठ स्पोर्टिंग
आईआईएमटी
अजैक्स एफसी
इंटर मेरठ
स्पार्टन
आईएफए
एमवाईएफए