दौराला- सकौती ओवरब्रिज पर पकड़ा गया ट्रक। स्रोत : पुलिस
दौराला। मुजफ्फरनगर से बुधवार सुबह मेरठ की ओर आ रहे अलवर निवासी ट्रक चालक आजाद ने दादरी गांव पहुंचते ही कांवड़ियों की साइड में ट्रक को दौड़ा दिया। यह देख पुलिस प्रशासन व कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों की सांस अटक गई। किसी तरह पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रुकवाया और चालक को हिरासत में लेकर ट्रक सीज कर दिया। हालांकि, ट्रक में बैठे पांच-छह कांवड़ियों ने हंगामे का प्रयास किया, जो पुलिस के समझाने पर मान गए।
चालक आजाद मुजफ्फरनगर से ट्रक लेकर मेरठ आ रहा था। उसे मुरादाबाद जाना था। खतौली से चालक ने पांच-छह कांवड़ियों को ट्रक में बैठा लिया। दादरी गांव पहुंचते ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने ट्रक को कांवड़ियों की साइड में दौड़ा दिया। तेजी से दौड़ रहे ट्रक को अपनी ओर आते देख कांवड़ लेकर जा रहे कांवड़ियों में दहशत फैल गई। पुलिस के भी हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को सकौती ओवरब्रिज के पास रोक लिया। चालक ने ट्रक में बैठे कांवड़ियों को उकसाया। इस पर कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। लेकिन पुलिस के समझाने पर कांवड़िये मान गए और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पुलिस ट्रक को दादरी चौकी ले आई और सीज कर दिया। चालक को हिरासत में थाने भेज दिया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।