- पीएम आवास योजना 2.0 के लिए 502 लोगों ने किया आवेदन
रविंद्र चौहान
हस्तिनापुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हस्तिनापुर में पहली बार 502 लोगों ने पक्के आवास के लिए आवेदन किया है। नगर पंचायत के गठन के बाद यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में पात्र लोगों ने सरकारी योजना का लाभ उठाने के लिए कदम आगे बढ़ाए हैं। वर्तमान में तहसील प्रशासन की टीम डोर-टू-डोर सर्वे के जरिये इन आवेदनों की गहन जांच कर रही है। सत्यापन रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद पात्र लाभार्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अब तक हस्तिनापुर के अधिकांश निवासियों के पास अपने मकानों के मालिकाना हक का कोई वैध दस्तावेज या गृहकर की रसीद नहीं थी। कागजों के अभाव में ये लोग बरसों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ लेने से वंचित थे। नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा खटीक की पहल पर कस्बे में गृहकर निर्धारण की विशेष मुहिम शुरू की गई। इसी पहल के परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लोगों को गृहकर की रसीदें प्राप्त हुईं, जो अब आवास योजना के आवेदन में स्वामित्व के प्रमाण के रूप में उनका सहारा साबित हो रही हैं। (संवाद)
आठ हजार भवनों का होना है सर्वे
उत्तर प्रदेश नगर पालिका (भवन या भूमि या दोनों के वार्षिक मूल्य पर कर) नियमावली-2021 के तहत नगर पंचायत ने पहली बार संपत्ति कर का विस्तृत सर्वे कराया। इस प्रक्रिया में करीब 8,000 भवनों को चिह्नित किया गया, जिनमें से अब तक लगभग 3,000 मकानों पर गृहकर लागू किया जा चुका है। हालांकि, भूमि विवाद और अवैध अतिक्रमण के दायरे में आने वाले भवनों को फिलहाल इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
पात्रों को मिलेंगे 2.60 लाख रुपये
पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत चयनित प्रत्येक पात्र लाभार्थी को पक्का मकान बनाने के लिए 2.60 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना से कस्बे के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अपना आशियाना बनाने का सपना अब हकीकत में बदलता दिख रहा है। पात्रता जांच पूरी होते ही लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
बयान...
नगर पंचायत में पहली बार व्यवस्थित तरीके से गृहकर निर्धारण कराया गया है। गृहकर रसीद मिलने से लोगों को अपने मकानों का आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हुआ, जिससे वह प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लिए आवेदन कर सकें। हमारी कोशिश है कि सभी पात्र परिवारों को योजना का लाभ मिले। -सुधा खटीक, अध्यक्ष, नगर पंचायत, हस्तिनापुर