दौराला। पुलिस ने सरसवा गांव में किराना स्टोर पर छापा मारकर अवैध रूप से बेची जा रही 34 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब की बिक्री कर रहे आरोपी सार्थक को गिरफ्तार किया है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि सरसवा गांव में बंसल किराना स्टोर पर अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना दौराला पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही दुकान पर बैठा युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के नीचे रखे प्लास्टिक के सफेद कट्टे से 34 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सार्थक बताया। शराब रखने का लाइसेंस मांगने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद शराब को सील कर कब्जे में लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की।