कब्र से शव निकालकर कराया जाएगा पोस्टमार्टम
खरखौदा। ढाई माह पहले गांव पीपलीखेड़ा में महिला की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मृतका के परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत पड़ोसियों द्वारा मारपीट के बाद हुई। पुलिस ने आरोपियों के साथ सांठगांठ कर मामले को रफादफा कर दिया था। एसएसपी से शिकायत के बाद मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
बीती 5 जून को गांव पीपलीखेड़ा में जमीला (45) पत्नी अमीन खां रात में मकान की छत पर सोई हुई थी। महिला संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। 14 जून को अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई थी। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने की मांग की थी। लेकिन पुलिस ने मामले को रफादफा करा दिया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद परिजन एसएसपी के पास शिकायत लेकर पहुंचे। उन्होंने महिला की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर इकरामुद्दीन, इरफान, असफाक पुत्र अलीम व फईम पुत्र नुरु निवासी चंद्रावली बुलंदशहर पर हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया। अब पुलिस मौत का कारण जानने के लिए शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराएगी। खरखौदा थाना प्रभारी मनीष बिष्ट ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जायेगा।