फलावदा। ग्राम महलका के चिकित्सक को गोली मारने के मामले में हत्थे चढ़े बदमाश ने हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया दिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। यह मुठभेड़ रसूलपुर से जंगल में हुई। वहीं, पुलिस ने बाद में बदमाश को जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि बीती 13 नवंबर को महलका में डॉ. मूलचंद के क्लीनिक में लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने विरोध करने पर चिकित्सक को गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इस संबंध में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस द्वारा की गई सुराग कसी के बाद दौराला थाने के गांव नंगली निवासी विपिन उर्फ छोटू पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस द्वारा की गई बदमाश से पूछताछ में चिकित्सक पर फायरिंग का मामला संज्ञान में आया। थाना प्रभारी राकेश पुंडीर ने बताया कि शुक्रवार को पकड़े गए बदमाश को घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद करने के लिए रसूलपुर ले जाया गया। थाना पुलिस ने बताया कि बदमाश ने सिपाही से हाथ छुड़ाकर छिपाया गया तमंचा उठा लिया तथा पुलिस पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें बदमाश विपिन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां उपचार दिलाने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। वहीं, थाना पुलिस ने बताया कि इस मामले में वांछित तीन अन्य बदमाशों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।