विकास कार्यों के लिए हसनपुर कलां के प्रधान मुकेश सम्मानित
माछरा। जन योजना के तहत गांव में उत्कृष्ट विकास कार्य कराए जाने पर हसनपुर कलां के ग्राम प्रधान मुकेश को पंचायत विभाग मेरठ मंडल की उपनिदेशक नंदिनी जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर और डीपीआरओ ने मीडिया कार्यशाला में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। आशा व्यक्त की कि आगामी समय में भी इसी प्रकार से सरकारी विकास योजनाओं द्वारा विकास करेेंगे।
वर्ष 2019-20 में माछरा ब्लॉक क्षेत्र के हसनपुर कलां गांव में ग्राम प्रधान मुकेश ने केंद्र व प्रदेश सरकार की स्वच्छता मिशन योजना के तहत गांव के कूडे़ कचरे का सुरक्षित नियंत्रण करके गांव में ही कूडे़दान की व्यवस्था की। डोर टू डोर ई-रिक्शा कूड़ा वैन का प्रयोग कराया, गीले व सूखे कचरे के लिए कंपोस्ट पिट का प्रयोग कर खाद बनाई और पॉलिथीन, प्लास्टिक बैग पर नियंत्रण करने हेतु सार्वजनिक स्थानों पर वॉल पेंटिंग और स्कूल रैली से स्वच्छता का प्रचार-प्रसार कराकर इनका इस्तेमाल बंद कराया। पंचायत घर का जीर्णोद्धार, पंचायत घर में फ्लोर टाइल्स, सीसीटीवी कैमरे व गांव में मनादी हेतु लाउडस्पीकर की व्यवस्था कराई। इसके अलावा अन्य विकास कार्य भी कराए।
इन कार्यों में ग्राम प्रधान को ग्राम पंचायत सचिव शिवम यादव व एडीओ पंचायत अमित कुमार का सहयोग मिला। ग्राम प्रधान को सम्मानित किए जाने पर ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। संजय शर्मा गोविंदपुरी, नीलम प्रधान, सूरजभान मूंछ, नरेंद्र डेरियो आदि ने कहा कि वह आगे भी इसी प्रकार विकास कार्य करते रहेंगे।