मेरठ। होली पर्व के मद्देनजर नगर निगम ने शहर में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अपर नगर आयुक्त पंकज कुमार के निर्देश पर जलकल विभाग ने नलकूपों, जलाशयों और वॉटर टैंकरों को अलर्ट पर रखा है। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या को रोकना है।
नगर निगम के अनुसार भोलाझाल स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से 100 एमएलडी पानी की आपूर्ति होगी। शहर में कुल 177 नलकूप सक्रिय रहेंगे। जल वितरण के लिए 75 अवर जलाशयों और पांच भूमिगत जलाशयों का उपयोग किया जाएगा। भूमिगत जलाशयों में टाउनहॉल, विकास पुरी, शर्मा स्मारक और सर्किट हाउस शामिल हैं। इनमें से चार स्थानों पर जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। 2 मार्च को सुबह 6 बजे से दोपहर 1 बजे तक नियमित सप्लाई दी जाएगी। इसके बाद अवर जलाशयों को भरा जाएगा और शाम को नलकूपों से सीधे पानी की आपूर्ति होगी। 4 मार्च की सुबह 6 बजे से नलकूपों के माध्यम से सीधे जलापूर्ति होगी। दोपहर 1 बजे जलाशय खोले जाएंगे और शाम तक सप्लाई जारी रहेगी।
किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए छह सदस्यीय तकनीकी टीम और चार इलेक्ट्रीशियन तैनात किए गए हैं। पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के लिए 18 सदस्यीय टीम भी अलर्ट पर रहेगी। यदि किसी क्षेत्र में बिजली बाधित होती है, तो वॉटर टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जाएगा। यह व्यवस्था निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की गई है।
नगर निगम ने होली पर कंट्रोल रूम के नंबर किए जारी
होली पर पानी की समस्या का तुरंत समाधान करने के लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए हैं। आम जनता इन नंबरों पर 24 घंटे कॉल कर समस्या का समाधान करा सकती है। सहायक अभियंता (जल) 9456210426, 9457631903, अवर अभियंता (जल) 8940427016, 9259597497 सुपरवाइजर 9997434604, 7310705605, 8279579269 उपलब्ध रहेगे। (नंबर 8395888221 और 1212990055) को 24 घंटे सक्रिय कर दिया है। दो से 5 मार्च तक कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई हैं जो प्राप्त शिकायतों का तत्काल पंजीकरण कर संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करेंगे।