कड़ी सुरक्षा में सीएचसी पहुंची कोरोना वैक्सीन, मवाना में 600 और परीक्षितगढ़ में 100 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगा टीका
मवाना/परीक्षितगढ़। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बनाए गए दो बूथ में तीन बूथों पर 600 स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन पहुंच गई। वहीं परीक्षितगढ़ सीएचसी पर 100 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा।
16 जनवरी से कोरोना का टीकाकरण शुरू हो चुका है। कोरोना का टीका लगाए जाने के लिए नगर में तीन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें दो केंद्र सीएचसी पर तथा एक केंद्र शास्त्री नर्सिंग होम में बनाया गया। बृहस्पतिवार को वैक्सीन इंचार्ज मदनपाल सिंह पुलिस के साथ वैक्सीन के बॉक्स लेकर सीएचसी पहुंचे। सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर व कोरोना के सीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. देव ने बताया कि जिन्हें वैक्सीन लगनी उन सभी के पास सूचना पहुंच चुकी है। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वैक्सीन लगाई जाएगी। शुक्रवार को दो बूथ सीएचसी पर तथा एक बूथ शास्त्री नर्सिंग होम पर वैक्सीन लगाने का कार्य होगा। कुल 600 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसमें वे लोग भी शामिल हैं जो 16 जनवरी को लगवाने से वंचित रह गए थे।
तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
परीक्षितगढ़। सीएचसी में वैक्सीन 100 स्वास्थ्य कर्मियों के लगाई जाएगी। इसके लिए सीएचसी पर सभी तैयारी पूरी कर ली गईं। नोडल अधिकारी डॉ. एसीएमओ ने भी सीएचसी पर पहुंचकर वैक्सीन के रखरखाव व सीएचसी प्रभारी से जानकारी ली। वैक्सीन की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
वहीं नोडल अधिकारी डॉ. जीके मिश्रा ने सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम व कोल्ड चेन आईओ गंगा प्रसाद से जानकारी ली। सीएचसी प्रभारी ने बताया कि 100 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। इस मौके पर डॉ. अणिमा गुप्ता, डॉ. अनीता, डॉ. फैजल, बीपीएम इकरार अहमद, चीफ फार्मेसिस्ट प्रवीण गर्ग, बीएमसी राहुल त्यागी, सहायक लिपिक सुधीर शर्मा शालिनी चौधरी, नरेंद्र, विजय, जितेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।
वहीं कोविड नोडल अधिकारी एसीएमओ ने सीएचसी परिसर में खड़ी दो 108 एंबुलेंस गाड़ी का निरीक्षण किया। कर्मचारी संजीव द्वारा ऑक्सीजन सिलिंडर सही तरीके से नहीं खोल पाने व दूसरी गाड़ी में रखे सिलिंडर में ऑक्सीजन गैस नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कर्मचारी पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीपीएम इकरार अहमद, बीएमसी राहुल त्यागी मौजूद रहे।