जर्जर भवन का छज्जा गिरने की घटना के बाद जागा बैंक प्रशासन
गंज बाजार में ही दूसरे भवन में शिफ्ट करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गंज बाजार में जिला सहकारी बैंक की शाखा के जर्जर भवन का छज्जा गिरने की घटना के बाद बैंक प्रशासन ने शाखा को दूसरे भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू कर दी है। बैंक अधिकारियों के अनुसार इसी बाजार में कुछ दूरी पर स्थित दूसरे भवन में जल्द शाखा संचालित की जाएगी। इससे कर्मचारियों और ग्राहकों को जर्जर भवन में आने-जाने के खतरे से राहत मिलेगी।
रविवार को केके पब्लिक स्कूल के पास स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा के भवन का छज्जा अचानक तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर गया था। छज्जे का मलबा बैंक के बाहर खड़ी कार और ई-रिक्शा पर जा गिरा, जिससे दोनों क्षतिग्रस्त हो गए थे। हादसे के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया था। सोमवार को शाखा प्रबंधक राम अशोक ने बताया कि बैंक की यह शाखा काफी पुरानी है और किराये के भवन में संचालित हो रही है। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए पूर्व में ही उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया जा चुका था। अब शाखा को इसी बाजार में कुछ दूरी पर स्थित दूसरे भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही नई बिल्डिंग से शाखा का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शाखा प्रबंधक ने बताया कि नई जगह शाखा स्थानांतरित होने के बाद बैंक कर्मचारियों के साथ ग्राहकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।