हापुड़ रोड लोहियानगर में सड़क किनारे बने कूड़े के पहाड़।
- फोटो : KITHOR
मेरठ/खरखौदा(मेरठ)। नगर निगम की मनमानी के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग 235 के किनारे लोहियानगर मेें शहर का कूड़ा डाला जा रहा है। यहां धीरे-धीरे कूड़े की पहाड़ी बनती जा रही हैं। अमर उजाला में रविवार के अंक में प्रकाशित हुई खबर के बाद रविवार को कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष ने कूड़ा डालने का विरोध किया। उन्होंने कूड़े से भरी गाड़ियों को वापस भेज दिया।
स्वच्छता अभियान पर मेरठ नगर निगम प्रतिवर्ष करोड़ों खर्च कर रहा है, लेकिन आज तक कूड़ा निस्तारण का कोई स्थायी समाधान नहीं कर सका है। गांवड़ी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट की स्थिति भी अच्छी नहीं है। रविवार को कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष रोहित गुर्जर के नेतृत्व में लोगों ने फिर से कूड़ा लेकर पहुंची निगम की गाड़ियों का विरोध किया। रोहित गुर्जर के अनुसार इस समस्या पर जन प्रतिनिधि भी कुछ नहीं कर रहे हैं। वे कई बार नगरायुक्त व जिलाधिकारी से भी शिकायत कर चुके हैं। लोहियानगर में कूड़ा डलने से कांशीराम कालोनी, काजीपुर, घोसीपुर, जाहिदपुर आदि गांवों की वायु व पानी भी दूषित हो रहा है। उन्होंने एमडीए पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि इस ओर एमडीए कोई ध्यान नहीं दे रहा है। अपनी जमीन पर कूडे़ के पहाड़ तैयार कराकर यहां नरक बनाने के लिए अनुमति दे रहा है। रविवार को रोहित सहित अन्य लोगों ने कूड़े से लदी गाड़ियों को वापस भेजा दिया। रोहित ने चेतावनी दी है कि 31 अगस्त से पहले नगर निगम ने यहां कूड़ा डालना बंद नहीं किया तो 31 अगस्त को होने वाली जिला कांग्रेस सेवादल की किसान अधिकार यात्रा के बाद इन गाड़ियों का विरोध किया जाएगा। इस मौके पर ऋषभ चौहान, एसके शाहरुख, आशु ठाकुर, विपिन शर्मा, बिट्टू पंडिया, सन्नी पंडित, अमित आदि मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर खूब शेयर हुई खबर
अमर उजाला में रविवार के अंक में ‘हाईवे से 200 मीटर पहले बन रहे कूडे़ के पहाड़’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को कई फेसबुक यूजर्स ने शेयर किया। उन्होंने फेसबुक पर खबर को अपलोड करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर जमकर हमला बोला। सभी ने नेताओं को सोशल मीडिया पर खरी-खोटी सुनाई।
हापुड़ रोड पर कूड़े की गाड़ियों का विरोध कर वापस भेजते कांग्रेस कार्यकर्ता।- फोटो : KITHOR