गोकशी की सूचना के बाद थाने पहुंचे भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
रौनकपुरा में गोकशी को लेकर रविवार को सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। आरोप है कि दूध की डेयरी में गोकशी की जा रही थी। इस दौरान एक भाजयुमो नेता ने कटान की वीडियो बनानी शुरू की तो दूसरे पक्ष ने पथराव कर दिया। बाद में भाजपाई पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन जब तक वहां से मीट हटा दिया गया। पुलिस ने मौके से मीट के नमूने भरते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी दिखाने और मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर भाजपाइयों ने रेलवे रोड थाने पर हंगामा कर दिया। वहीं, दूसरे समुदाय की दर्जनों महिलाओं के थाने पहुंचने पर माहौल गरमा गया। बाद में पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया।
भाजयुमो पंकज राजपूत के अनुसार उसका भाई कमल रविवार सुबह करीब 7:30 बजे रौनकपुरा की बजरिया वाली गली में तस्सो दूधिया के यहां दूध लेने गया था। वहां बच्चे गोवंश के मीट की बात कर रहे थे। उसके भाई ने घर आकर उसे इसकी जानकारी दी तो वह तस्सो दूधिया के यहां पहुंचा। आरोप है कि वहां एक कमरे में गोकशी हो रही थी। उसने उसकी वीडियो बनानी शुरू कर दी। इस बीच वहां हिंदू संगठन के कुछ और लोग भी वहां आ गए। आरोप है कि यह देखकर तस्सो और उसके साथियों ने उन पर पथराव कर दिया।
पंकज ने इसकी जानकारी रेलवे रोड थाने के अलावा भाजपा नेताओं को भी दे दी। थाना पुलिस पंकज को लेकर मौके पर पहुंची। पंकज समेत भाजपाइयों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने तक आरोपियों ने वहां से कटे हुए गोवंश को हटाकर वहां सफाई कर दी। लोगों ने पुलिस की मदद से वहां से मीट के कुछ अवशेष बरामद कर लिए । एक छुरी भी बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तस्सो और भूरा को हिरासत में ले लिया।
पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची तो वहां भाजपा नेता कमल दत्त शर्मा, पूर्व पार्षद अजय गुप्ता, रमेश राजपूत आदि भाजपा और हिंदू संगठन के सैकड़ों कार्यकर्ता भी पहुंच गए और जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि खुलेआम गोकशी हो रही है, लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही। उनकी पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हो गई। इस बीच दूसरे समुदाय की दर्जनों महिलाएं भी थाने पहुंच गई। जिस पर आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने पशु चिकित्सक बुलाकर मीट के सैंपल भरवाकर जांच के लिए भेजे। पुलिस की तरफ से दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी दिखा दी गई।