बहसूमा। गांव अस्सा में कमेटी के लाखों रुपये हड़प कर फरार हुए संचालक की पत्नी बुधवार रात अपने घर का सामान समेटकर फरार होने की तैयारी में थी। भनक लगने पर ग्रामीणों की सूचना पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बृहस्पतिवार को शिकायत करने वाले ग्रामीण व महिला के परिवार वालों के मध्य बनी सहमति के बाद में पुलिस ने महिला को छोड़ दिया।
गांव अस्सा निवासी व्यक्ति 12 साल से कस्बा स्थित बटावली मार्ग पर स्थित नए मार्केट में जनरल स्टोर की दुकान करता है। उसने अपनी दुकान पर लाखों रुपये की कमेटी डाल रखी थी। यह सिलसिला करीब 10 साल से जारी था। लोगों को ऐसा विश्वास जमाया कि यदि कमेटी लेट हो जाती थी तो उनकी पेनल्टी देता था। लोगों से ब्याज पर पैसा लिया और उसका समय से पांच फीसदी पर लिया गया ब्याज दिया। लालच में आए लोगों ने जनरल स्टोर पर मोटी रकम का लेनदेन चालू कर दिया। लोगों से लाखों रुपये लेकर छह माह पूर्व अचानक वह परिवार समेत लापता हो गया। कमेटी व ब्याज के लालच में गांव के ही पड़ोसी व कस्बे के कई व्यापारियों के करीब 60 लाख रुपये बताए गए हैं।
बुधवार रात कमेटी संचालक की पत्नी छोटा हाथी वाहन लेकर घर का सामान समेटने पहुंची। पड़ोसियों को आवाज सुनाई दी तो वह गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल के पास एकत्र हो गए। जैसे ही महिला छोटा हाथी वाहन लेकर निकली तो ग्रामीणों ने घेराबंदी कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने वाहन और महिला को थाने ले आई। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीण व कमेटी डालने वाले लोग अपने-अपने पैसे लेने के लिए जमा हो गए। महिला के परिवार के लोगों को बुलाया गया। बाद में 48 लाख रुपये छह माह में देने पर लिखित सहमति बनी। इस पर ग्रामीण बिना कार्रवाई के घर चले गए।