सर्दी की ठिठुरन पर जब अलाव की गर्माहट भारी पड़ी तो शहर ने लोहड़ी का जश्न पूरे उल्लास के साथ मनाया। ढोल और डीजे की थाप पर थिरकते कदम, लोकगीतों की गूंज और रेवड़ी-मूंगफली की मिठास ने माहौल को रंगीन बना दिया। गली-मोहल्लों से लेकर कॉलोनियों और सामाजिक आयोजनों तक, हर ओर लोहड़ी की रौनक और परंपरा की खुशबू बिखरी नजर आई।
एक-दूसरे को मूंगफली, रेवड़ी, गजक और पॉपकॉर्न बांटकर खुशियां साझा की गईं। नवविवाहित जोड़ों और नवजात शिशुओं वाले परिवारों में लोहड़ी का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। शहर में पंजाबी समाज के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी लोहड़ी के कार्यक्रम आयोजित किए। क्लोज डोर कॉलोनियों में सामूहिक आयोजन हुए, जहां “सुंदर मुंदरिए तेरा कौन विचारा” जैसे लोकगीतों ने माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। पंजाबीपुरा, कंकरखेड़ा, प्रह्लादनगर, गंगानगर, शास्त्रीनगर, जागृति विहार और बिजली बंबा बाईपास समेत कई क्षेत्रों में उत्सव की रौनक रही।
थापरनगर स्थित आर्य भवन में पंजाबी आर्य भ्रांत सभा की ओर से लोहड़ी पर्व मनाया गया। यहां महिलाओं ने लोकगीत गाए और तबले की थाप पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में प्रीति सेठी, सुमन आनंद, ज्योति बत्रा, अपर्णा, चांद ग्रोवर, कमलेश चांदना, मणि सोंधी और ऋचा सेठी ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। सुभाष मल्होत्रा ने गीत प्रस्तुत किए, जबकि राजेश सेठी ने लोहड़ी पर्व के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अरविंद कुमार, भानु बत्रा, विमल मारवाह, आनंद वर्धन, सत्य प्रकाश शास्त्री, राजीव सोनी सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
जरूरतमंदों संग मनाई लोहड़ी, बांटी खुशियों की सौगात
मेरठ। कोशिश सामाजिक संगठन की ओर से लोहड़ी पर्व के अवसर पर औघड़नाथ मंदिर के पास जरूरतमंद परिवारों के साथ यह पर्व मनाया गया। संगठन के सदस्यों ने लोगों को मूंगफली, रेवड़ी, पॉपकॉर्न आदि वितरित किए। अध्यक्ष अजय सेठी ने कहा कि लोहड़ी पर्व जीवन को उमंग, सकारात्मकता और सेवा भाव के साथ जीने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में करन कामरा, विनीत जैन, अमर ठाकुर, विक्रांत शर्मा, सम्राट वर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। संवाद
मेरठ..कंवलजीत..सुबह 9 बजे के आस-पास ज़ीरो माइल चौराहे पर छाया कोहरा.......संवाद- फोटो : अमर उजाला