ओवरहेड टैंकों की होगी सफाई, नगर पंचायत ने लोगों से मांगा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन द्वारा ओवरहेड टैंकों की सफाई कराई जाएगी। इस कारण 18 जनवरी से 21 जनवरी तक नगर में जलापूर्ति व्यवस्था बाधित रहेगी।
पालिका ईओ दीपिका शुक्ला ने बताया कि स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंकों की समय-समय पर सफाई आवश्यक है। लंबे समय से सफाई न होने पर टैंकों में तलछट जम जाती है, जिससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सफाई कार्य के दौरान नगर के कई मोहल्लों में निर्धारित समय पर पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। उन्होंने बताया कि कार्य को चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा, ताकि इसे जल्द से जल्द पूरा कर जलापूर्ति बहाल की जा सके। किसी तकनीकी कारण से देरी होने पर नागरिकों को अलग से सूचना दी जाएगी। पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही नियमित जलापूर्ति शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी मोहल्ले में अधिक परेशानी होती है तो नागरिक जलकल विभाग या पालिका कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति कराई जाएगी।