- सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने रेल मंत्री को पत्र लिखकर ट्रेन के मार्ग विस्तार का दिया सुझाव
माय सिटी रिपोर्टर
मेरठ। चेन्नई सेंट्रल और हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12611 और 12612) को मेरठ के रास्ते योगनगरी ऋषिकेश तक करने की मांग रेल मंत्री से की गई है। इसके विस्तार से उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु के प्रमुख शहरों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी बढ़ सकती है। यह मांग राज्यसभा सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने उठाई है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर ट्रेन के संचालन में बदलाव की संभावनाओं का तकनीकी और परिचालन की दृष्टि से परीक्षण कराने का सुझाव दिया है। यह ट्रेन चेन्नई और दिल्ली के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण वातानुकूलित ट्रेन है।
सांसद ने कहा कि ट्रेन चेन्नई में रखरखाव के लिए 81 घंटे और हजरत निजामुद्दीन में 29 घंटे खड़ी रहती है। ऐसे में मार्ग विस्तार की व्यवहार्यता का आकलन किया जा सकता है। इस ट्रेन को हजरत निजामुद्दीन से आगे गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, देवबंद, रुड़की और हरिद्वार होते हुए योगनगरी ऋषिकेश तक चलाया जा सकता है। इसी प्रकार, वापसी में ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से हरिद्वार, रुड़की, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी और गाजियाबाद होते हुए हजरत निजामुद्दीन तक संचालित हो सकती है। इससे मेरठ और आसपास के यात्रियों को दक्षिण भारत के साथ-साथ हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है। डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी का कहना है कि रेल मंत्री ने उन्हें ट्रेन के संचालन पर विचार करने का आश्वासन दिया है। इस ट्रेन के संचालन से मेरठ ही नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता को भी बड़ा फायदा मिलेगा।