जातिगत आरक्षण खत्म कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग
राजनीतिक दलों को सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। युवा ब्राह्मण समाज संगठन ट्रस्ट संगठन के पदाधिकारियों ने राजनीतिक उपेक्षा, जातिगत आरक्षण और शिक्षा व्यवस्था में कथित भेदभाव को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि समाज अब अपने अधिकारों और सम्मान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएगा।
संगठन की ओर से सोमवार को पत्रकार वार्ता की गई। इसमें जितेंद्र गौतम ने सभी राजनीतिक दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि ब्राह्मण और स्वर्ण समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने की राजनीति अब स्वीकार नहीं की जाएगी, जो राजनीतिक दल समाज के हित, सम्मान और अधिकारों को महत्व नहीं देगा। उसके खिलाफ सामाजिक स्तर पर विरोध किया जाएगा। संगठन ने कहा कि भविष्य में समर्थन उन्हीं को दिया जाएगा जो समाज के हितों की बात करेंगे।
कुलदीप शर्मा जातिगत आरक्षण का विरोध करते हुए आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि आरक्षण का लाभ समाज के वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना चाहिए। संगठन ने यूजीसी के नियमों और उच्च शिक्षा व्यवस्था में कथित विसंगतियों पर भी सवाल उठाते हुए सुधार की मांग की।
पुनीत शर्मा ने कहा कि संगठन ने जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
प्रेसवार्ता में सौरभ दिवाकर शर्मा, राजीव नरहरी, आनंद शर्मा, पुष्पेंद्र शर्मा, अजीत पचौरी, सुनील शर्मा, अजय शर्मा, मनीष शर्मा, विविन शर्मा, गणेश दत्त शर्मा, ललित शर्मा, हिमांशु शर्मा, प्रेमचंद शर्मा रहे।